खबर अंकित धाकड़
कलेक्टर नवाचारों के प्रेरणा स्रोत इस वर्ष की पहली जनसुनवाई लटेरी जनपद में हुई
विदिशा – प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब लाने तथा समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अंशुल गुप्ता नवाचारों से जाने जा रहें। स्वयं विकासखंड स्तर पर पहुंचकर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में लटेरी जनपद पंचायत में इस वर्ष में पहली बार जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जो क्षेत्र के नागरिकों के लिए ऐतिहासिक और राहत भरा अवसर साबित हुआ। आम तौर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पहुंचने में समय, धन और श्रम की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्वयं विकासखंड स्तर पर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकांश निराकृत कराई है।

रोचक तथ्य जो इस जनसुनवाई को खास बनाते हैं—
● पहली बार लटेरी में जिला स्तरीय जनसुनवाई:
लटेरी जनपद पंचायत में इस वर्ष की पहली बार इस स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की गई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुई।
● कलेक्टर स्वयं पहुंचे आमजन के बीच:
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कार्यालय में बैठकर नहीं, बल्कि स्वयं लटेरी पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इससे लोगों को यह महसूस हुआ कि प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर और संवेदनशील है।
● मौके पर ही हुआ समस्याओं का समाधान:
जनसुनवाई में कई हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया। किसी को व्हीलचेयर मिली, किसी का आधार कार्ड बना, तो किसी की फार्मर आईडी तैयार कराई गई।

● दूर-दराज के ग्रामीणों के चेहरे पर दिखी खुशी:
पहली बार अपने क्षेत्र में ही समस्याओं का समाधान मिलने से ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। कई हितग्राही प्रसन्नचित मुद्रा में अपने घर लौटे।
● प्रशासन के प्रति बढ़ा विश्वास:
इस पहल ने आमजन के मन में प्रशासन के प्रति विश्वास और अपनत्व की भावना को और मजबूत किया। लोगों ने कहा कि जब अधिकारी खुद गांव तक पहुंच रहे हैं, तो समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो रहा है।
यह जनसुनवाई केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि संवेदनशील प्रशासन आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।