विदिशा जिले के लिए बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में शनिवार, 17 जनवरी को 4,400 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं तथा ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया है। यह भव्य कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से पुरानी कृषि उपज मंडी ग्राउंड, विदिशा में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग श्री नितिन गडकरी तथा कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साथ ही सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं लोक निर्माण विभाग, मध्य प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर करीब 181 किलोमीटर लंबाई की 8 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ 3 अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल क्षेत्रीय संपर्क सुदृढ़ होगा, बल्कि यातायात सुरक्षा, सुगम आवागमन, औद्योगिक विकास एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों की स्थापना से युवाओं को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित ड्राइविंग प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ कुशल मानव संसाधन का विकास होगा। वहीं सड़क परियोजनाएं किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए आवागमन को आसान बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करेंगी । लोकार्पण व का शिलान्यास की जाने वाली प्रमुख परियोजनाएं अतिथियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा उनमें रातापानी वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में अब्दुल्लागंज से इटारसी खंड का 4-लेन चौड़ीकरण, सीआरआईएफ के अंतर्गत देहगांव से बम्होरी मार्ग का लोकार्पण और जिन निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा उनमें प्रमुख परियोजनाएं तदानुसार भोपाल से विदिशा खंड का चौड़ीकरण, विदिशा से ग्यारसपुर खंड का 4-लेन चौड़ीकरण, ग्यारसपुर से राहतगढ़ खंड का फोर-लेन चौड़ीकरण राहतगढ़ से बेरखेड़ी खंड का 4-लेन चौड़ीकरण, सागर वेस्टर्न बायपास (ग्रीनफील्ड) का 4-लेन 4-लेन सड़क निर्माण, एनएच-46 के भोपाल-ब्यावरा खंड पर नरसिंहगढ़ जंक्शन, झिरनिया, हिंगोनी एवं बड़ोदिया तालाब जोड़ पर 05 अंडरपास का निर्माण शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान विदिशा जिले में एक एवं सागर जिले में दो आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का भी लोकार्पण शिलान्यास किया जाएगा। इन केंद्रों से युवाओं को सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक ड्राइविंग प्रशिक्षण मिलेगा
